March 7, 2026

छत्तीसगढ़ में बदला स्कूलों का समय, भीषण गर्मी को देखते हुए लिया गया फैसला 

0
01_07_2021-school_reopen

छत्तीसगढ़ – लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए राज्य शासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 17 जून से 21 जून 2025 तक सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित की जाएंगी। गर्मी की तीव्रता और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें दोपहर की तेज धूप से बचाया जा सके।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह बदला हुआ समय केवल एक सप्ताह के लिए लागू किया गया है। 23 जून 2025 से स्कूल पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होंगे, जैसा कि सामान्य शिक्षण व्यवस्था में होता है। समय परिवर्तन की जानकारी सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से भेज दी गई है ताकि इसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

16 जून से छत्तीसगढ़ में नया शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत हो गई है। इस मौके पर प्रदेशभर के स्कूलों में “शाला प्रवेश उत्सव” बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। स्कूलों को रंग-बिरंगे पोस्टर, स्वागत गेट और फूलों से सजाया गया। बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और उपहार भेंट कर स्कूल में स्वागत किया गया।

शाला प्रवेश उत्सव में न केवल छात्र-छात्राओं ने उत्साह दिखाया, बल्कि अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की उपस्थिति ने भी आयोजन को खास बना दिया। शिक्षा विभाग के निर्देश पर सभी स्कूलों में नए विद्यार्थियों का स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और नए सत्र को लेकर उत्साह का वातावरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed