July 1, 2026

CM हेल्पलाइन 1076 की खुली पोल, 24 घंटे में पहुंची खनिज टीम ने आधी-अधूरी कार्रवाई कर की लीपापोती, पहाड़नुमा रेत-गिट्टी पर मेहरबानी, धड़ल्ले से हो रहा अवैध उपयोग

0
IMG-20260701-WA0016

गोबरा नवापारा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी CM हेल्पलाइन 1076 को खनिज विभाग के अधिकारी ही पलीता लगा रहे हैं। राजिम रेल्वे स्टेशन में सैकड़ों हाईवा रेत-गिट्टी के अवैध भंडारण की शिकायत पर खनिज टीम 24 घंटे में तो पहुंची, लेकिन कार्रवाई सिर्फ दिखावे की कर निकल गई।

शिकायत के बाद खनिज विभाग ने रेलवे परिसर में दो जगहों में से सिर्फ एक जगह दबिश दी। वहां 5 हाईवा रेत डंप मिला जिसका निर्माण कार्य में उपयोग हो रहा था। मौके पर ठेकेदार कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। अधिकारियों ने कागजात लेकर 5 दिन में रायपुर जिला खनिज शाखा में उपस्थित होने का नोटिस थमाकर खानापूर्ति कर ली।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बगल में ही पहाड़नुमा रेत और गिट्टी के विशाल भंडारण पर खनिज टीम ने आंख मूंद ली। उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। नतीजा, अब उसी पहाड़नुमा अवैध रेत का धड़ल्ले से निर्माण कार्यों में उपयोग हो रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनिज विभाग ने दोबारा कार्रवाई का भरोसा दिया था, मगर आज तक टीम पलटकर नहीं आई। इससे साफ है कि खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारी CM हेल्पलाइन 1076 के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पारदर्शिता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए 1076 हेल्पलाइन शुरू की थी, लेकिन गोबरा नवापारा में खनिज विभाग की मिलीभगत से यह योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। जनता पूछ रही है कि जब CM के आदेश का यह हाल है तो आम आदमी की सुनवाई कहां होगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed