ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 9 लाख से ज्यादा नकदी के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर- राजधानी रायपुर में ऑनलाइन और पट्टी के माध्यम से संचालित हो रहे सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना गुढियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 9,05,238 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में शहर में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 10 अप्रैल 2026 को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना मिली कि गुढियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा स्थित ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राजा साहू और अभय साहू बताया। दोनों के मोबाइल फोन की जांच करने पर यह सामने आया कि वे ऑनलाइन बैटिंग साइट के मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। साथ ही वे मोबाइल नंबरों के माध्यम से कॉलिंग कर क्रिकेट मैचों में हार-जीत और सेशन के आधार पर दांव लगवा रहे थे।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के संपर्क में रहकर यह अवैध कारोबार चला रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने अन्य आरोपियों की तलाश करते हुए उनके ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा ऑनलाइन के साथ-साथ सट्टा पट्टी के जरिए भी सट्टा संचालित कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मंजीत सिंह थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जुआ एक्ट सहित करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। यह आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 163/26 के तहत धारा 6 और 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस सट्टा रैकेट के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा साहू (29 वर्ष), अभय साहू (22 वर्ष), मंजीत सिंह (32 वर्ष), रोहित मोटवानी (29 वर्ष), हरीश सकलेचा (41 वर्ष) और आकाश सिन्हा (36 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

