April 23, 2026

पश्चिम एशिया हालात पर सीएम की हाईलेवल बैठक, कालाबाजारी पर सख्त एक्शन के निर्देश- पेट्रोल, गैस और उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता—अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी, कंट्रोल रूम नंबर जारी

0
IMG-20260328-WA0002_copy_800x402


रायपुर – पश्चिम एशिया में बन रही अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थ, एलपीजी गैस और उर्वरकों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक खरीदारी से बचें। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि कोविड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी देश ने एकजुट होकर मुकाबला किया था और वर्तमान हालात में भी केंद्र सरकार पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा राज्यों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई सुचारू बनी हुई है।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कालाबाजारी और जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और उर्वरक भंडारण स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्यभर में की गई कार्रवाई में 335 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कंट्रोल रूम बना सहारा

स्थिति पर नजर रखने के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मुख्य सचिव विकास शील ने जानकारी दी कि आम नागरिक गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों या कालाबाजारी की सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दे सकते हैं। सभी जिलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अफवाहों पर कड़ी नजर, मीडिया से समन्वय के निर्देश

बैठक में निर्देश दिए गए कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही भ्रामक खबरों पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। अधिकारियों को मीडिया के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की घबराहट की स्थिति न बने।

उर्वरकों की कोई कमी नहीं, किसानों को राहत

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को समय पर और समान रूप से खाद उपलब्ध कराई जाए। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए सॉफ्टवेयर आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया जा रहा है।

अस्पतालों और जरूरी संस्थानों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, सैन्य और अर्धसैनिक बलों सहित सभी आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीमाओं पर सख्ती, अवैध बिक्री पर रोक

सीमावर्ती चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ाने और पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों को कंटेनरों में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगाया गया है, केवल अधिकृत संस्थानों को ही इसकी अनुमति होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed