छत्तीसगढ़ में अफ़ीम का जाल! दुर्ग के बाद अब बलरामपुर में 2 एकड़ में तैयार फसल
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध नशे के कारोबार का नेटवर्क लगातार उजागर हो रहा है। दुर्ग जिले के समोदा में भाजपा नेता से जुड़ी अफ़ीम खेती का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से अफ़ीम की बड़ी खेती का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार त्रिपुरी इलाके के सरनाटोली गांव से दूर जंगल किनारे करीब 2 एकड़ जमीन में अवैध अफ़ीम की खेती की जा रही थी। हैरानी की बात यह है कि अफ़ीम की फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी थी और डोडों में चीरा लगाकर अफ़ीम निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।
ग्रामीणों की सूचना के बाद कुसमी एसडीओपी सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक झारखंड का एक बाहरी व्यक्ति जमीन लीज पर लेकर इस अवैध खेती को अंजाम दे रहा था।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और खेत का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कुसमी थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
बड़ा सवाल:
दुर्ग के समोदा में अफ़ीम खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर में भी इतनी बड़ी खेती मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर छत्तीसगढ़ में किसके संरक्षण में फैल रहा है अफ़ीम का यह अवैध कारोबार?
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

