छत्तीसगढ़ में वर्दी का अपमान! वन आरक्षक से मारपीट, जबरन डांस का VIDEO वायरल
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
छत्तीसगढ़ – सूरजपुर जिले के देवनगर बीट में वन विभाग के वर्दीधारी आरक्षक के साथ मारपीट और जबरन डांस करवाने का सनसनीखेज मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने प्रशासन और छत्तीसगढ़ वन विभाग को हिला कर रख दिया है। मामला तूल पकड़ते ही विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के देवनगर बीट अंतर्गत चम्पकनगर नर्सरी क्षेत्र में ऑन ड्यूटी वन आरक्षक सुखदेव पैकरा के साथ कुछ युवकों ने कथित रूप से मारपीट की। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक वर्दीधारी कर्मचारी के साथ न केवल बदसलूकी कर रहे हैं, बल्कि उसे जबरन डांस करने के लिए मजबूर करने की कोशिश भी कर रहे हैं। घटना के दौरान एक युवती की मौजूदगी और प्रेम प्रसंग की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
वीडियो सामने आते ही वन विभाग हरकत में आया। डीएफओ दुलेश्वर साहू ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक सुखदेव पैकरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में घटना की जानकारी समय पर विभाग को नहीं देने को लेकर जवाब मांगा गया है। इसके साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से देवनगर बीट से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 18 फरवरी की है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 9 दिन बीतने के बाद भी आरक्षक द्वारा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वर्दीधारी सरकारी कर्मचारी के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का वीडियो सामने आने के बावजूद शिकायत में देरी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वर्जन; उमेश वस्त्रकार, रेंजर, सूरजपुर
अब पूरे मामले पर लोगों की नजर टिकी है कि क्या पीड़ित आरक्षक पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कब और क्या सख्त कदम उठाएगा। फिलहाल विभागीय जांच जारी है, लेकिन यह मामला छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था और वर्दी की गरिमा से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुका है।

