March 6, 2026

एयरटेल ने OTP फ्रॉड पर कसा शिकंजा, लॉन्च किया AI-आधारित रियल-टाइम फ्रॉड अलर्ट सिस्टम

0
IMG-20260212-WA0008


( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) नई दिल्ली – देश की अग्रणी टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने बढ़ते डिजिटल फ्रॉड, खासकर OTP (वन-टाइम पासवर्ड) लीक से होने वाली बैंकिंग धोखाधड़ी को रोकने के लिए एक नया AI-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया है। यह फीचर संदिग्ध कॉल्स के दौरान ग्राहकों को तुरंत चेतावनी देकर उन्हें संभावित वित्तीय नुकसान से बचाने में मदद करेगा।

हाल के वर्षों में ठग डिलीवरी एजेंट, कस्टमर केयर या किसी सेवा प्रतिनिधि का रूप धारण कर ग्राहकों पर जल्दबाज़ी का दबाव बनाते हैं और उनसे बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़ा OTP हासिल कर लेते हैं। OTP साझा होते ही खातों से रकम उड़ने का खतरा पैदा हो जाता है।

एयरटेल का यह नया AI-आधारित सिस्टम नेटवर्क स्तर पर काम करता है। जैसे ही किसी इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक द्वारा भेजा गया OTP डिटेक्ट होता है और कॉल संदिग्ध पाई जाती है, ग्राहक को तुरंत ‘फ्रॉड अलर्ट’ के ज़रिए आगाह किया जाता है कि कॉल पर OTP साझा करना जोखिम भरा हो सकता है। यह चेतावनी ग्राहक को सोचने-समझने का समय देती है और ठगी की कोशिश को नाकाम करने में मदद करती है।
इस पहल पर एयरटेल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शाश्वत शर्मा ने कहा कि कंपनी एयरटेल को एक सुरक्षित नेटवर्क बनाने के मिशन पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि OTP डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा की रीढ़ है, लेकिन साइबर अपराधी इसकी उपयोगिता को कमजोर करने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में नेटवर्क स्तर पर विकसित यह AI-पावर्ड समाधान रियल-टाइम में धोखाधड़ी की पहचान कर उसे रोकने में अहम भूमिका निभाएगा।

एयरटेल के अनुसार, व्यापक परीक्षणों में इस तकनीक ने उच्च सटीकता के साथ फ्रॉड रोकने की क्षमता दिखाई है। पिछले दो वर्षों में कंपनी स्पैम कॉल अलर्ट, खतरनाक लिंक ब्लॉकिंग जैसे कई AI-आधारित सुरक्षा उपाय पहले ही लागू कर चुकी है, जिससे नेटवर्क पर फ्रॉड के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।

यह नया फ्रॉड अलर्ट सिस्टम फिलहाल हरियाणा में सक्रिय कर दिया गया है और कंपनी इसे अगले दो सप्ताह में चरणबद्ध तरीके से देशभर के सभी एयरटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराने जा रही है। इसे डिजिटल सुरक्षा की दिशा में एयरटेल का एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed