करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड रायपुर से गिरफ्तार, पूछताछ में बोला – “सोने की कैंची से PM मोदी के बाल काटना चाहता था”
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम कई राज्यों में करोड़ों की चोरी की वारदातों से जुड़ा हुआ है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना रायपुर की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया यह आरोपी न केवल पेशेवर अपराधी है, बल्कि उसके बयान ने पुलिस को भी चौंका दिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में हुई है। आरोपी ने हाल ही में रायपुर की तीन दुकानों में सेंध लगाकर करीब 7 लाख रुपये की चोरी की थी, जिसके बाद वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
नागपुर–दिल्ली तक फैला था फरारी का नेटवर्क
वारदात के बाद आरोपी पहले नागपुर और फिर दिल्ली भाग गया। पुलिस की टीमें लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थीं। जैसे ही वह दोबारा रायपुर लौटा, पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी को तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से पकड़ा गया है।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि लोकेश श्रीवास का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा और गंभीर है। अलग-अलग राज्यों में चोरी, सेंधमारी और संगठित अपराध के कई मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और पुराने मामलों की फाइलें खंगाल रही है।
पूछताछ में दिया सनसनीखेज बयान
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान आरोपी ने ऐसा बयान दिया, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। आरोपी ने कहा कि—
“मैं सोने की कैंची से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाल काटना चाहता था।” इस बयान को पुलिस ने आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति, उसके बयान की गंभीरता और संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, हर पहलू से जांच
आरोपी के बयान को हल्के में नहीं लिया जा रहा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह बयान सिर्फ भ्रम है या इसके पीछे कोई और मंशा या मानसिक विकृति छिपी है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

