छत्तीसगढ़ से बड़ी राजनीतिक खबर:पूर्व मंत्री कवासी लखमा जेल से रिहा,मौके पर उनकी पत्नी और बेटा भी रहे मौजूद
रायपुर – छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिली है। बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मामले में लंबे समय से जेल में बंद वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा को रिहा कर दिया गया है। उनकी रिहाई की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
जेल से बाहर निकलते ही कवासी लखमा के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जेल परिसर के बाहर ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उनकी पत्नी और बेटा भी मौजूद रहे, जिन्होंने भावुक माहौल में उनका स्वागत किया।
कवासी लखमा की रिहाई को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक इसे सत्य की जीत बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इस मामले को लेकर सवाल उठाता नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि उनकी रिहाई का असर आगामी राजनीतिक गतिविधियों और आदिवासी राजनीति पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल, कवासी लखमा की आगे की रणनीति और इस मामले में आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

