March 6, 2026

छत्तीसगढ़ में पत्रकार को धमकी का सनसनीखेज मामला:गौ-सेवा के नाम पर करोड़ों की वसूली का आरोप, रिपोर्टिंग रोकने दी जा रही धमकियां,पुरानी बस्ती थाने में शिकायत

0
Screenshot_20260205_002848_copy_800x536


रायपुर– छत्तीसगढ़ में स्वतंत्र पत्रकारिता एक बार फिर खतरे में दिखाई दे रही है। गौ-सेवा के नाम पर कथित अवैधानिक वसूली और फर्जी गौशाला संचालन के मामले की रिपोर्टिंग कर रहे एक युवा पत्रकार को खुलेआम धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना में पत्रकार यज्ञ सिंह ठाकुर ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्वयं की सुरक्षा की मांग की है।

गौ-सेवा के नाम पर वसूली का आरोप

पूरा मामला राधाकृष्णालय लोक न्यास ट्रस्ट से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस ट्रस्ट के माध्यम से राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गौ-सेवा कुंभ और धार्मिक आयोजनों के नाम पर बड़ी मात्रा में चंदा वसूली की गई है। संत-समुदाय और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का दावा है कि यह वसूली बिना किसी वैधानिक अनुमति, बिना ऑडिट और बिना पारदर्शी प्रक्रिया के की गई है। पत्र के दावे के अनुसार यह राशि लाखों से बढ़कर करोड़ों तक पहुंच सकती है।

मामले के उजागर होने के बाद संत-समुदाय ने इस अवैधानिक वसूली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संतों ने रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि अब तक वसूली पर कोई प्रभावी रोक नहीं लगाई गई है।

फर्जी गौशाला संचालन का भी आरोप

बताया गया है कि कुशालपुर निवासी अमन दत्त ठाकुर उर्फ स्वामी अभिरामदास द्वारा राधाकृष्णालय लोक न्यास ट्रस्ट के माध्यम से ग्राम बोधाछापर, जिला धमतरी में कथित फर्जी गौशाला संचालित की जा रही थी। इस संबंध में लगभग छह माह पहले धमतरी पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी, जिसमें जांच के बाद पूरा मामला फर्जी पाया गया था। आरोप है कि ट्रस्ट के पास न तो वैध पंजीयन से जुड़े पर्याप्त दस्तावेज हैं और न ही वसूली का कोई प्रमाणिक लेखा-जोखा।

सूत्रों के अनुसार वॉच ब्यूरो के पास ट्रस्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं, जिनमें फर्जी रसीदें, बिना ऑडिट के रजिस्टर और अन्य संदिग्ध कागजात शामिल हैं। इसके अलावा यूट्यूब और सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक प्रचार कर लोगों को चंदा देने के लिए प्रेरित किए जाने के भी प्रमाण सामने आने की बात कही जा रही है।

रिपोर्टिंग रोकने के लिए धमकी का आरोप

इसी पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी और तथ्यों को सामने लाने के दौरान पत्रकार यज्ञ सिंह ठाकुर को धमकी दिए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार दुर्ग निवासी, ट्रस्ट के सचिव एवं तथाकथित अधिवक्ता प्रभांक ठाकुर ने फोन पर पत्रकार को धमकाया और कहा कि यदि ट्रस्ट से संबंधित कोई खबर प्रकाशित की गई तो उन्हें झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। यहां तक कि जान से मारने और अदालतों के चक्कर कटवाने तक की धमकी दिए जाने का आरोप है।

पत्रकार ने कहा – धमकियों से नहीं डरेंगे

पत्रकार का कहना है कि उन्हें फर्जी गौशाला और वसूली से जुड़े तथ्यों की जानकारी मिली थी और उसी की पड़ताल को रोकने के लिए यह दबाव और धमकी दी जा रही है। धमकियों से आहत होकर उन्होंने पुरानी बस्ती थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।उन्होंने ये भी कहा है कि धमकियों से डरकर सच को दबाया नहीं जाएगा। यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसके लिए ट्रस्ट के पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed