साहित्य उत्सव में हंगामा! अव्यवस्था से भड़के अभिनेता मनोज जोशी, मंच से आयोजकों को लगाई फटकार
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) छत्तीसगढ़ – रायपुर साहित्य उत्सव उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब मशहूर अभिनेता मनोज जोशी का कार्यक्रम अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। बैठने से लेकर साउंड सिस्टम तक हालात इतने बिगड़े कि अभिनेता का सब्र जवाब दे गया और वे मंच से ही आयोजकों पर नाराज़गी उतारते नजर आए।
साहित्यिक आयोजन में इस तरह की लापरवाही शर्मनाक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाएं चरमराई हुई थीं। तय समय पर इंतज़ाम पूरे न होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच मनोज जोशी ने साफ शब्दों में कहा कि “इतने बड़े साहित्यिक आयोजन में इस तरह की लापरवाही शर्मनाक है।” उनके इस बयान के बाद पंडाल में सन्नाटा छा गया।
अधिकारी हाथ खड़े करते नजर आए
हैरानी की बात यह रही कि जब मामला गरमाया तो प्रशासनिक अधिकारी हाथ खड़े करते नजर आए। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा मामला उनके संज्ञान में ही नहीं है। यानी मंच पर हंगामा और सिस्टम को भनक तक नहीं!
घटना के बाद साहित्य प्रेमियों और दर्शकों में आयोजकों की तैयारियों को लेकर जमकर नाराज़गी देखने को मिली। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब एक वरिष्ठ अभिनेता के कार्यक्रम में ये हाल हैं, तो बाकी व्यवस्थाओं का क्या भरोसा?
अब देखना यह है कि आयोजक इस नाराज़गी को गंभीरता से लेते हैं या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

