रायपुर में ‘विकास’ के नाम पर सड़कों की खुदाई, मंत्री के मॉडल पर भ्रष्टाचार के आरोप
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) छत्तीसगढ़ – नवा रायपुर में अच्छी हालत में मौजूद सड़कों को उखाड़कर दोबारा बनाए जाने को लेकर भाजपा सरकार घिरती नजर आ रही है। विपक्ष ने इसे “विकास नहीं, विनाश मॉडल” बताते हुए मंत्री ओपी चौधरी के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नए टेंडर जारी कर ठेकेदारी और कमीशन
विपक्षी नेताओं का आरोप है कि जिन सड़कों की मरम्मत की कोई आवश्यकता नहीं थी, उन्हें जानबूझकर तोड़ा गया ताकि नए टेंडर जारी कर ठेकेदारी और कमीशन की नई श्रृंखला खड़ी की जा सके। उनका कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया जनता के पैसे की खुली बर्बादी है।
स्थानीय नागरिकों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अचानक सड़कों की खुदाई से ट्रैफिक जाम, धूल और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, जबकि प्रशासन कोई स्पष्ट जवाब देने की स्थिति में नहीं है।

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार अब योजनाबद्ध तरीके
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार अब योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है और “अच्छी सड़क को उखाड़ो, नई बनाओ” ही वर्तमान सरकार का नया विकास मॉडल बन चुका है। नेताओं ने इस पूरे मामले की न्यायिक जांच और जिम्मेदार मंत्रियों व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, सरकार या मंत्री ओपी चौधरी की ओर से इन आरोपों पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे सवाल और गहरे होते जा रहे हैं।

