स्कूल के पास गोलियों की सनसनाहट!पानीपूरी खाते वक्त छात्रा को लगी एयरगन की गोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम में मचा भगदड़ जैसा माहौल
बलौदाबाजार – शहर की शांति उस वक्त गोलियों की सनसनाहट से टूट गई, जब स्कूल के पास चल रहे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एयरगन से फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। बेखौफ होकर पानीपूरी खा रही एक नाबालिग छात्रा अचानक गोली लगने से घायल हो गई। पल भर में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था, बच्चे झूम रहे थे और बाहर ठेले पर छात्रा पानीपूरी खा रही थी। तभी अचानक चली गोली और छात्रा दर्द से चीख पड़ी। गोली लगते ही कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया, लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायल छात्रा को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर लेकिन चिंताजनक बताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मुरलीधर ध्रुव (25 वर्ष) और देवनाथ जायसवाल (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एयरगन भी बरामद की गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि
❓ स्कूल और सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे संवेदनशील इलाके में एयरगन आखिर आई कहां से?
❓ क्या यह लापरवाही थी या जानबूझकर की गई हरकत?
वहीं घटना के बाद अभिभावकों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर एयरगन की जगह असली हथियार होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
👉 स्कूलों और सार्वजनिक आयोजनों के आसपास सख्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए
👉 दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो
फिलहाल पूरे शहर में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और हर किसी के मन में डर और सवाल दोनों हैं।

