EXCLUSIVE : छत्तीसगढ़ में अवैध उत्खनन पर सख्ती, ड्रोन से होगी खदानों की 24×7 निगरानी
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर : छत्तीसगढ़ में रेत, पत्थर सहित अन्य खनिज खदानों में हो रहे अवैध उत्खनन पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी। राज्य सरकार ड्रोन तकनीक के जरिए खदानों की दिन-रात निगरानी करने की योजना लागू करने जा रही है। शिकायत या सूचना मिलते ही ड्रोन से निरीक्षण कर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा।
इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (सीएमडीसी) भारत सरकार के डीजीसीए के अधीन संचालित एजेंसियों से अनुबंध करेगा। ये एजेंसियां ड्रोन कैमरों के माध्यम से खदानों की निगरानी कर अवैध उत्खनन की सूचना सीधे कंट्रोल रूम को देंगी।
10 से 15 दिनों में निविदा जारी
सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए 10 से 15 दिनों में निविदा जारी की जाएगी। शुरुआती चरण में उन जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां रेत और पत्थर की खदानें अधिक हैं।
ड्रोन से मिलने वाले लाइव फुटेज
ड्रोन से मिलने वाले लाइव फुटेज और लोकेशन की निगरानी के लिए नवा रायपुर में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
खनन माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी
गौरतलब है कि प्रदेश में अवैध उत्खनन की घटनाएं खासकर रात के समय ज्यादा होती हैं। अब तक की कार्रवाई में कई बार आरोपी फरार हो जाते थे, लेकिन ड्रोन निगरानी से खनन माफिया पर प्रभावी शिकंजा कसने की तैयारी है।
वर्जन:
रजत बंसल, संचालक, भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग ने बताया कि ड्रोन तकनीक से अवैध उत्खनन रोकने में बड़ी मदद मिलेगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

