महिला DSP के खिलाफ FIR की मांग तेज, पुलिस कर्मचारी संघ ने सिविल लाइन थाने में दी शिकायत
रायपुर – महिला DSP कल्पना वर्मा के खिलाफ देशद्रोह सहित गंभीर धाराओं में FIR दर्ज किए जाने की मांग तेज हो गई है। संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां कथित रूप से लीक करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसी क्रम में संघ के अध्यक्ष उज्ज्वल दीवान सिविल लाइन थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना प्रभारी को चैट के स्क्रीनशॉट संलग्न करते हुए लिखित शिकायत सौंपी।
जवानों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
संघ द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि महिला DSP द्वारा साझा की गई कथित जानकारियां नक्सल ऑपरेशन्स से जुड़ी अत्यंत संवेदनशील और गोपनीय हैं। इस तरह की जानकारी का सार्वजनिक या अनधिकृत रूप से प्रसारित होना सुरक्षा बलों की रणनीति को प्रभावित कर सकता है और जवानों की जान को गंभीर खतरे में डाल सकता है।

संघ का कहना है कि ऑपरेशनल गोपनीयता भंग होने से नक्सल विरोधी अभियानों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, जिसका सीधा असर मैदानी जवानों की सुरक्षा पर पड़ेगा।
देशद्रोह समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग
संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ ने महिला DSP कल्पना वर्मा के खिलाफ देशद्रोह, आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।
संघ ने थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

