बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में माना मंडल कांग्रेस का धरना व मशाल रैली
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर – बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आज माना मंडल कांग्रेस कमेटी द्वारा एकदिवसीय धरना प्रदर्शन एवं विशाल मशाल रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में माना मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
आयोजन की शुरुआत माना बस स्टैंड स्थित एक विशाल आम सभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों की कड़ी निंदा की। पंकज शर्मा, श्रीकुमार मेमन, पप्पू बंजारे ने कहा कि बांग्लादेश जैसे देश में अल्पसंख्यक हिंदू बीते कई महीनों से उत्पीड़न और हिंसा का सामना कर रहे हैं, जो अत्यंत निंदनीय है। इसी के विरोध में कांग्रेस कमेटी द्वारा यह आंदोलन किया जा रहा है।
आम सभा के पश्चात माना कैंप क्षेत्र में विशाल मशाल रैली निकाली गई। हाथों में जलती मशालें लिए कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर भी इस मुद्दे को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक बांग्लादेश में रहने वाले हिंदू भाइयों और बहनों को सुरक्षा और उनके अधिकार नहीं मिलते, तब तक कांग्रेस का यह आक्रोश और आंदोलन जारी रहेगा। रैली के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिंदू हितों की रक्षा की जोरदार मांग की।

