SBP स्कूल पर नाले में अवैध कब्जे का आरोप, जनप्रतिनिधियों व कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर – राजधानी रायपुर के सड्डू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित SBP स्कूल के सामने नाले में कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। स्कूल की संचालिका अंजू मेश्राम पर नाले में अतिक्रमण करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और कॉलोनीवासी बड़ी संख्या में SBP स्कूल के सामने एकत्रित हुए और विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि SBP स्कूल को जितनी जमीन का अलॉटमेंट मिला है, उससे कई गुना अधिक क्षेत्र पर कब्जा किया गया है। इसके बावजूद बीते कुछ दिनों से रात के अंधेरे में ट्रकों के माध्यम से मिट्टी लाकर नाले को पाटने का काम किया जा रहा था। आरोपों के अनुसार अब तक करीब 20 फीट चौड़े और 150 मीटर से अधिक लंबे नाले पर अवैध कब्जा किया जा चुका है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें दी जा रही थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में जनप्रतिनिधियों और रहवासियों ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई और अवैध कब्जा तत्काल हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के सामने बने गार्डन को सार्वजनिक उपयोग के लिए खोलने और बिना अनुमति किए जा रहे किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की। लोगों का कहना है कि नाले पर कब्जा होने से भविष्य में जलभराव और अन्य गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

