नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, टॉप कमांडर सचिन मंगडू ढेरसमेत कुल 14 नक्सली ढेर,ASP आकाश राव गिरपूंजे की हत्या में थे संलिप्त
छत्तीसगढ़ – सुकमा और बीजापुर जिलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कोन्टा और किस्टाराम के जंगलों में हुए भीषण मुठभेड़ में डीआरजी के जवानों ने कुख्यात नक्सली कमांडर सचिन मंगडू समेत कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में वे कमांडर भी शामिल हैं, जो ASP आकाश राव गिरपूंजे की हत्या में संलिप्त थे। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी सुकमा एसपी किरण चव्हाण द्वारा की जा रही थी।
इसी कड़ी में बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में भी डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो माओवादियों को मार गिराया गया। सुबह से रुक-रुक कर चली गोलीबारी के बाद जवानों ने इलाके पर नियंत्रण हासिल कर लिया। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है और कहा है कि अभियान अभी जारी है।
नक्सली कमांडर बारसे देवा के आत्मसमर्पण के बाद यह कार्रवाई नक्सल संगठन पर दोहरा दबाव मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार हो रही कार्रवाइयों से नक्सलियों का मनोबल टूट रहा है और आने वाले दिनों में और भी सफलताएं मिल सकती हैं।

