March 6, 2026

श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन में छत्तीसगढ़ सिख काउंसिल की ऐतिहासिक झांकी रही आकर्षण का केंद्र

0
IMG-20260103-WA0021


रायपुर दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा गुरु नानक नगर, श्याम नगर से भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति एवं ऐतिहासिक चेतना से परिपूर्ण इस नगर कीर्तन में छत्तीसगढ़ सिख काउंसिल द्वारा तैयार की गई चलित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
प्रस्तुत झांकी में सिख इतिहास के अत्यंत मार्मिक एवं गौरवशाली अध्याय को जीवंत रूप में दर्शाया गया। झांकी में आनंदपुर साहिब का किला छोड़ने के पश्चात श्री गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा अपने पूरे परिवार के साथ सरसा नदी पार करने का दृश्य प्रस्तुत किया गया।
तेज बहाव वाली सरसा नदी को पार करते समय गुरु परिवार का बिछुड़ना, परिवार का तीन हिस्सों में विभाजित होना, इसके पश्चात दोनों बड़े साहिबजादों की युद्धभूमि में शहादत, छोटे साहिबजादों को जिंदा दीवार में चुनवाया जाना तथा माता गुजरी जी का ठंडे बुर्ज में बलिदान— इन सभी ऐतिहासिक घटनाओं को झांकी के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ सिख काउंसिल के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि
“इस झांकी का उद्देश्य सिख समाज के उस गौरवशाली, त्याग और बलिदान से परिपूर्ण इतिहास को जन-जन तक पहुँचाना है, जिससे नई पीढ़ी गुरु परंपरा, साहिबजादों के अदम्य साहस और धर्म के लिए दिए गए बलिदानों से प्रेरणा ले सके।”
नगर कीर्तन में छत्तीसगढ़ सिख काउंसिल के महासचिव गगनदीप हंसपाल, जस्सी खनूजा, योगेश सैनी, राजविंदर खालसा, गुरदीप टुटेजा, पप्पू सलूजा, सोनू सलूजा, जसबीर सिंह, इंद्रजीत सिंह, दलविंदर बेदी
सहित अनेक पदाधिकारी, सिख संगत एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नगर कीर्तन में सम्मिलित यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए आस्था, इतिहास और बलिदान की जीवंत प्रेरणा बनकर उभरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed