March 6, 2026

मित्तल फर्नीचर-फैक्ट्री में भीषण आग,मची अफरा-तफरी,एक मजदूर झुलसा

0
bilaspur-furniture-factory-fire-2025-12-23-18-01-59

बिलासपुर – सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैकटरी परिसर में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया।

इस हादसे में फैकटरी में काम कर रहा एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, फैक्ट्री के भीतर खड़ा एक केमिकल टैंकर भी आग की चपेट में आ गया।

आग की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों द्वारा कई फायर टेंडरों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। एहतियातन फैकटरी परिसर को खाली करा लिया गया और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया, ताकि आग अन्य इकाइयों तक न फैल सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आग बुझने और राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। आशंका जताई जा रही है कि फैकटरी में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई मशीनें और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed