रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस का अडानी पावर प्लांट को अल्टीमेटम, 48 घंटे में कार्रवाई की चेतावनी
छत्तीसगढ़- रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने अडानी पावर प्लांट, रायखेड़ा (तिल्दा) में चल रही मजदूर हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्लांट में करीब 1600 स्थानीय मजदूर अपनी जायज मांगों को लेकर कई दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों की अनदेखी कर बाहरी प्रदेशों से मजदूर लाकर प्लांट का संचालन करा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह कदम स्थानीय मजदूरों के अधिकारों का हनन है और छत्तीसगढ़ के युवाओं के रोजगार अवसरों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब प्रशासनिक संरक्षण में किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि कंपनी प्रबंधन तत्काल हड़ताली मजदूरों से वार्ता कर उनकी मांगों को स्वीकार करे, बाहरी प्रदेशों से लाए गए मजदूरों को तुरंत हटाया जाए और प्लांट संचालन में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता दी जाए।
जिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई और बाहरी मजदूरों को लाना जारी रहा, तो पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अडानी पावर प्लांट के चारों ओर बैरिकेड्स लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी।
कांग्रेस ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

