March 7, 2026

पोस्टमॉर्टम में लापरवाही: डॉक्टर उमरताज कुरैशी पर दो बार प्रक्रिया करने का आरोप, विभागीय जांच शुरू

0
Screenshot_20250911_211216_copy_1280x430

बलौदाबाजार : जिले के पलारी में एक युवक की मौत के बाद उसके पोस्टमॉर्टम को लेकर एक गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के पिता ने जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत करते हुए एक डॉक्टर पर घोर लापरवाही और एक ही शव का दो बार पोस्टमॉर्टम करने का आरोप लगाया है। इस गंभीर शिकायत के बाद, स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल विभागीय जांच के आदेश दिए हैं और मामले में शामिल सभी पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 7 सितंबर, 2025 की है, जब पलारी के ग्राम बिनौरी निवासी 21 वर्षीय कुलेश्वर उर्फ कपिल साहू की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी । मृतक के पिता ललित कुमार साहू ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है । अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुबह 9 बजे पलारी के चीरघर ले जाया गया था । उस वक्त वहां मौजूद मेडिकल ऑफिसर डॉ. उमरताज कुरैशी ने यह कहते हुए पोस्टमॉर्टम करने से इनकार कर दिया कि उनकी ड्यूटी समाप्त हो गई है । इसके बाद, सुबह 10 बजे दूसरी मेडिकल ऑफिसर डॉ. साक्षी केशरवानी ने पोस्टमॉर्टम किया और वहां से चली गईं । लेकिन, आरोप है कि डॉ. उमरताज कुरैशी 10-15 मिनट बाद दोबारा चीरघर पहुंचे और उन्होंने फिर से शव का पोस्टमॉर्टम किया । शिकायत पत्र के अनुसार, इस अनावश्यक हस्तक्षेप और लापरवाही के कारण शव को परिवार को सौंपने में काफी देरी हुई, और उन्हें 9 बजे के बजाय दोपहर 12:10 बजे शव मिला.

जांच के आदेश जारी

इस शिकायत के बाद, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेश अवस्थी ने तत्काल 3 दिनों के भीतर जांच करने के आदेश दिए हैं । उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के डॉ. पंकज वर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है । इस जांच के लिए डॉ. उमरताज कुरैशी, डॉ. साक्षी केशरवानी, पुलिस आरक्षक अरुण साहू, स्वीपर बसंत छेदैया और शिकायतकर्ता ललित कुमार साहू सहित सभी संबंधित लोगों को 12 सितंबर, 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कक्ष क्रमांक 21 में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है ।

आरोपी डॉक्टर ने आरोपों को बताया निराधार

इस मामले को लेकर सभी संबंधित पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी है।राजेश अवस्थी (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलौदाबाजार) ने बताया कि “पलारी के बिनौरी गाँव के युवक के दो बार पीएम किए जाने की शिकायत मिलने पर तत्काल 3 दिवस के भीतर जांच करने के आदेश सा. स्वा. केंद्र पलारी डॉ पंकज वर्मा को दिए हैं। जैसे ही जांच रिपोर्ट आएगी, उस आधार पर कार्यवाही की जाएगी।”जांच अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने कहा, “उच्च अधिकारियों को एक मृत बॉडी का दो बार अलग-अलग डॉक्टरों द्वारा पोस्टमॉर्टम किए जाने की शिकायत मिली है। उसी के आधार पर पीड़ित परिवार, पोस्टमॉर्टम करने वाली डॉ. साक्षी केशरवानी और जो भी संबंधित लोग हैं, उन सभी का लिखित बयान लेकर जांच की कार्यवाही की जाएगी।”

वहीं, आरोपों के घेरे में आए डॉ. उमरताज कुरैशी ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि “मैंने पीएम नहीं किया है। डॉ. साक्षी केशरवानी ही सब कुछ की हैं। मैं चाबी भूल गया था, जिसे लाने के लिए गया हुआ था। जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह निराधार हैं और मुझसे दुश्मनी निकाली जा रही है।”

इस पूरे मामले में अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि लापरवाही के इन आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed