नक्सलियों का बड़ा आत्मसमर्पण: मिलिशिया के 16 सदस्य हथियार छोड़ मुख्यधारा में लौटे
नारायणपुर – जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान और लगातार अंदरूनी इलाकों में कैंप स्थापित होने से पुलिस का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है।
इसका सीधा असर नक्सली संगठन पर दिख रहा है। अबूझमाड़ जैसे अति संवेदनशील क्षेत्रों में नक्सली विचारधारा से त्रस्त होकर बड़ी संख्या में माओवादी आत्मसमर्पण कर रहे हैं।
इसी कड़ी में लंका और डूंगा पंचायत से जुड़े 16 नक्सलियों ने नारायणपुर पुलिस अधीक्षक आईपीएस रोबिनसन गुड़िया के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें जनताना सरकार सदस्य, सीएनएम अध्यक्ष, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष शामिल हैं।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस सुंदरराज पी. ने कहा कि वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों ने माओवादी संगठनों को बड़ी क्षति पहुंचाई है। प्रतिबंधित सीपीआई संगठन के पास अब हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

