प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारों से चर्चा:विष्णु के कथित सुशासन से भाजपा के कार्यकर्ता ही नाराज है
रायपुर – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विष्णु के सुशासन की पोल खुलने लगी है। विष्णु के कथित सुशासन से भाजपा के कार्यकर्ता ही नाराज है। दो साल के अंदर ही आम आदमी के साथ भाजपा के कार्यकर्ता का भी सरकार से मोहभंग हो गया है। धमतरी जिला के आछोटा गांव के 400 कार्यकर्ताओं ने धमतरी जिला भाजपा कार्यालय की दीवार पर अपना इस्तीफा चिपका दिया। भाजपा जो साय का सुशासन का ढिंढोरा पीट रही हैं उसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही आईना दिखा दिया है और बता दिया सुशासन नहीं भ्रष्टाचार है।
सरकारी नौकरी बेच कर युवाओं का भरोसा खो चुकी है सरकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह सरकार युवाओं का भरोसा पूरी तरह से खो चुकी है। एडीईओ भर्ती, वन रक्षक, पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा, आर आई प्रमोशन परीक्षा सहित विगत 20 महीनो के दौरान जितने भी प्रमोशन और भर्ती परीक्षा हुए हैं वे सभी संदेश के घेरे में हैं। किसी एक परीक्षा में 100 में से 27 प्रश्न के उत्तर गलत होना अर्थात लगभग एक तिहाई प्रश्न पत्र पर ही सवाल खड़ा होना सरकार और परीक्षा एजेंसी की क्षमता पर सवाल है। सहायक विकास विस्तार अधिकारी की परीक्षा में व्यापम ने खुद ही माना है कि 12 प्रश्न विलोपित किए जाए, 6 प्रश्नों के एक से अधिक उत्तर मान्य किए गए और 3 प्रश्नों के उत्तर बदले फिर भी 6 प्रश्न अब तक विवादित है। सरकार की दुर्भावना के चलते भर्ती परीक्षा को मजाक बना दिया गया है ऐसे त्रुटिपूर्ण प्रश्न पत्र तैयार करने वाले जिम्मेदारों को यह सरकार बचा रही है।
साव 717 सड़को का कार्य आदेश कहां है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सूचना के अधिकार में खुलासा हुआ है कि साय सरकार ने पिछले पौने दो सालों में मात्र 2 सड़के बनाया है उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने इसके विपरीत दावा करते है कि उनकी सरकार ने 717 सड़के स्वीकृत की है तथा काम चल रहा है। हमने उनको चुनौती दिया था कि वे 717 सड़कों का वर्क आर्डर सार्वजनिक करे एक महिना से अधिक हो गया आज तक अरूण साव जी उन 717 सड़को का कार्य आदेश सार्वजनिक नहीं किया कैसे करेंगे जब स्वीकृत ही नही हुआ तो कहां से वर्क आर्डर लायेंगे?

