पति-पत्नी और दो बच्चों की बेरहमी से हत्या, घर में दफन मिले शव, खून और बदबू से खुला राज,जांच में जुटी पुलिस,गॉव में दहशत और गम का माहौल
रायगढ़ – जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया। खरसिया थाना क्षेत्र के ठुसेकेला गांव स्थित राजीव नगर मोहल्ले में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव घर के अंदर दफन मिले। यह घटना न केवल पूरे इलाके को दहला गई बल्कि पुलिस भी हैरान रह गई।
गांव वालों ने बताया कि बुधराम उरांव का घर पिछले दो से तीन दिनों से बंद था। अचानक वहां से तेज बदबू आने लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया। वहां खून के छींटे और जमीन खोदने जैसे निशान दिखाई दिए। संदेह गहराने पर जब मिट्टी हटाई गई तो पति बुधराम, पत्नी सोहद्रा, बेटा अरविंद और बेटी शिवांगी उरांव के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि चारों की हत्या कुल्हाड़ी और रॉड जैसे हथियार से की गई है। घटना कितनी निर्मम थी, इसका अंदाजा घर के अंदर बिखरे खून से लगाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और क्यों की।
पुलिस ने पूरे घर को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
इस घटना से पूरा ठुसेकेला गांव दहशत और गम में है। लोग आपस में चर्चा कर रहे हैं कि आखिर इस जघन्य हत्या को किसने अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बुधराम और उनका परिवार शांत स्वभाव का था और कभी किसी से दुश्मनी नहीं रखता था। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है।

