BJP नेता विशंभर यादव ने मांगी इच्छा मृत्यु; पूर्व CM बघेल ने बढ़ाया मदद का हाथ
छत्तीसगढ़ – अपनी बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक तंगी से परेशान होकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इच्छा मृत्यु की मांग करने वाले सूरजपुर जिले के बीजेपी नेता विशंभर यादव से कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फ़ोन में बात कर उन्हें रायपुर आकर इलाज कराने और उत्तम स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. विशंभर यादव दो साल पहले रायपुर में आयोजित प्रधानमंत्री मोदी की सभा में शामिल होने कार्यकर्ताओं को लेकर बस से जा रहे थे, इस दौरान बस हादसे में गंभीर रूप से घायल विशंभर यादव स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए हैं.
संकट की घड़ी में हम उनके साथ : भूपेश बघेल
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि “सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया. सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्. कल मुझे सूचना मिली थी कि सूरजपुर ज़िले के भाजपा नेता विशंभर यादव जी ने अपनी बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक तंगी के कारण प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की माँग की है. मैंने विशंभर जी और उनकी धर्मपत्नी जी से फोन पर बात की है. इस संकट की घड़ी में हम उनके साथ खड़े हैं. उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाएगी. उनको रायपुर आकर इलाज करवाने का अनुरोध किया है. उनको अच्छा इलाज मिले, वे जल्द स्वस्थ हों, ऐसा हमारा प्रयास रहेगा. दो साल पहले रायपुर में आयोजित प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री विशंभर अपने कार्यकर्ताओं को लेकर बस से जा रहे थे, इस दौरान बस हादसे में गंभीर रूप से घायल विशंभर जी स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए हैं.”

