March 6, 2026

बिग ब्रेकिंग – तोमर बंधु वीरेंद्र और रोहित की 3 हजार स्क्वायर फीट संपत्ति कुर्क

0
Screenshot_20250823_201807_copy_600x661

रायपुर – फरार चल रहे कुख्यात तोमर बंधु वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को सेशन कोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने और संपत्ति कुर्क करने की अनुमति मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

SDM नंद कुमार चौबे, तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव में स्थित तोमर बंधुओं का मकान और जमीन कुर्क की। यह संपत्ति करीब 3,000 स्क्वायर फीट की है। इसमें वीरेंद्र और रोहित तोमर दोनों की 1,500-1,500 स्क्वायर फीट हिस्सेदारी है। साथ ही, प्रशासन ने राजधानी और आसपास स्थित उनकी तीन अन्य जमीनों की कुर्की के लिए भी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पिछले दो महीने से फरार चल रहे इन दोनों भाइयों की गिरफ्तारी पर पहले ही रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने 5-5 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। आरोपियों की लगातार गैरमौजूदगी और गिरफ्तारी से बचने की कोशिशों को देखते हुए पुलिस ने कोर्ट से उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की मांग की थी।

तोमर बंधुओं के वकील ने इस कुर्की आदेश पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने 18 अगस्त को एक आवेदन दायर किया था, जिस पर 20 अगस्त को सुनवाई तय थी। लेकिन उससे पहले ही बिना पक्ष सुने कुर्की का आदेश जारी कर दिया गया। बचाव पक्ष का तर्क है कि यह प्रक्रिया न्यायसंगत नहीं है। इस आपत्ति पर अब गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई होगी।

जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आर्थिक और संपत्ति संबंधी सख्त कदम भी उठाए जाएंगे। हालांकि, बचाव पक्ष की आपत्ति के चलते फिलहाल मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed