March 6, 2026

पटवारियों ने ऑनलाइन कामकाज किया ठप, SDM ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

0
notice

रायपुर – राजधानी में 16 अगस्त 2025 से पटवारियों ने ऑनलाइन शासकीय कार्य करना बंद कर दिया है। इस कदम का सीधा असर किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है। डिजिटल क्रॉप सर्वे की रिपोर्ट अप्रूव नहीं हो रही है, वहीं स्वामित्व योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का काम पूरी तरह ठप हो गया है।

ऑनलाइन सेवाओं के रुकने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग परेशान हैं। जिन किसानों की फसल सर्वे रिपोर्ट लंबित है, उन्हें आगे की प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई हो रही है। वहीं, जमीन से जुड़े स्वामित्व प्रमाण पत्र जारी न होने से कई परिवारों का कामकाज अटक गया है। आम नागरिकों को भी ऑनलाइन नामांतरण, खसरा-खतौनी और अन्य जरूरी सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

इस स्थिति को गंभीर मानते हुए रायपुर जिले के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने सभी पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि यह कदम छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है।

नोटिस में सभी पटवारियों को 22 अगस्त 2025 शाम 5 बजे तक अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि उनका उत्तर संतोषजनक नहीं हुआ, तो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed