March 6, 2026

हेरोइन के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, पंजाब से जुड़ा ड्रग्स नेटवर्क

0
IMG-20250823-WA0000

रायपुर -राजधानी में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। कबीर नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 21 अगस्त को हेरोइ सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। इस दौरान पुलिस ने 57 लाख की हेरोइन जब्त करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वेदांत वाटिका के पास एक युवक हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर जब टीम ने दबिश दी, तो हीरापुर निवासी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास हेरोइन मिली। पूछताछ में उसने बताया कि पंजाब का तस्कर उसे माल देता है, जिसे वह रायपुर में डिस्ट्रीब्यूटर्स को सप्लाई करता था।

जग्गू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हीरापुर, वीर सावरकर नगर और आरडीए कॉलोनी में रेड की। यहां से उसकी पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि विजय मोटवानी बाइक से घूम-घूमकर हेरोइन सप्लाई करता था।

पुलिस ने आरोपियों से 273.19 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत 57 लाख बताई जा रही है। साथ ही 1 दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। सभी आरोपियों पर थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 21सी, 29 और बीएनएस की धारा 111 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी हेरोइन सप्लाई करने के लिए वीडियो और लोकेशन शेयरिंग का इस्तेमाल करते थे। वे माल किसी जगह पर रखकर ग्राहकों को लोकेशन भेज देते थे। पुलिस को इनके बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन भी मिले हैं। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 30 साल के बीच है, जिनमें से दो अभी स्टूडेंट हैं।

पुलिस ने कहा कि यह नेटवर्क पंजाब से जुड़ा हुआ था। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि इन आरोपियों के जरिए और किन लोगों तक हेरोइन पहुंचती थी। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed