1 करोड़ की हेरोइन बरामद, पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते तस्कर समेत 9 आरोपी गिरफ्तार,रायपुर पुलिस की बड़ी करवाई
छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित कमल विहार के एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई 1 करोड़ रुपए मूल्य की 412 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पंजाब के कुख्यात ड्रग सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से हेरोइन की सप्लाई पंजाब के रास्ते रायपुर तक की जा रही है। इसी इनपुट को गंभीरता से लेते हुए रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। क्राइम ब्रांच एएसपी संदीप मित्तल की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी लवजीत सिंह पाकिस्तान से सीधे हेरोइन मंगवाकर भारत में नेटवर्क के जरिए डिस्ट्रीब्यूट करता था।

जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों से इंटरनेट कॉलिंग, वीडियो और लोकेशन शेयरिंग जैसे हाईटेक तरीकों से अपने विश्वनीय ग्राहकों को हेरोइन पहुंचाते थे। पैसों के लेन-देन के लिए म्यूल अकाउंट्स ( पैसों का लालच देकर अनजान व्यक्तियों के नाम से खोले गए अकाउंट) का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके।
3 अगस्त को पुलिस की स्पेशल टीम ने कमल विहार सेक्टर-4 स्थित एक मकान पर छापा मार कार्रवाई की, जहां से लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वन चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन तीनों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद अन्य 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा गया।
पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए), कई मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, हेरोइन पीने में उपयोग में लाई जाने वाली सामग्री, एटीएम कार्ड, चेकबुक समेत कई सबूत जब्त किए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में NDPS एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपए के लेन-देन और अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की अन्य लोगों की गिरफ्तारी और जांच जारी है।

