छत्तीसगढ़ कांग्रेस में खड़गे की फटकार के बाद हलचल, मीडिया प्रभारी बदलने की चर्चा तेज — विकास तिवारी का नाम सबसे आगे
रायपुर – छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी संगठन में भारी उठापटक जारी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हाल ही के एक दिवसीय दौरे ने प्रदेश कांग्रेस में नई हलचल पैदा कर दी है। दौरे के बाद हुई समीक्षा बैठक में खड़गे ने प्रदेश पदाधिकारियों की कार्यशैली पर जमकर नाराजगी जाहिर की और सभी को फटकार लगाते हुए कहा कि “जो जोश अभी दिखा रहे हैं, वही चुनाव के वक्त दिखाना। अभी इसका कोई मतलब नहीं।”
मीडिया प्रभारी पद को लेकर कयास, बदलाव की अटकलें तेज
इसी नाराजगी के बीच अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पद को लेकर भी बदलाव की चर्चा जोरों पर है। सूत्रों के मुताबिक मौजूदा मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला को पद से हटाया जा सकता है। उनकी जगह नए चेहरे की तलाश जारी है। इस दौड़ में पूर्व मीडिया प्रभारी शैलेष नितिन त्रिवेदी, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा और विकास तिवारी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
विकास तिवारी की सक्रियता बनी चर्चा का केंद्र
सूत्रों की मानें तो इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार विकास तिवारी माने जा रहे हैं। विकास तिवारी ने हाल के दिनों में राज्य सरकार के विभिन्न घोटालों, खासकर शिक्षा विभाग में अनियमितताओं को लेकर लगातार अपनी सक्रियता दिखाई है। वह मीडिया और सोशल मीडिया दोनों प्लेटफॉर्म पर लगातार विष्णुदेव साय सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस आलाकमान उन्हें प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप सकता है।
कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा, गुटबाजी भी तेज
कांग्रेस की हार के बाद प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी कमजोर हुआ है। आलाकमान के लिए कार्यकर्ताओं में फिर से जोश भरना अब एक बड़ी चुनौती बन गई है। दूसरी तरफ, बड़े नेताओं के बीच गुटबाजी भी खुलकर सामने आ रही है। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच दूरियां साफ दिख रही हैं। वहीं, टीएस सिंहदेव भी अब ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आ रहे।
खड़गे ने युवाओं पर जताया भरोसा
इसी माहौल में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने साइंस कॉलेज रायपुर में एक बड़ा सम्मेलन कर युवाओं में जोश भरने की कोशिश की। उनका मानना है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस को पटरी पर लाने के लिए अब युवा नेतृत्व को सामने लाना होगा।
जल्द हो सकता है मीडिया प्रभारी का ऐलान
इन तमाम उठापटक के बीच माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग प्रभारी का ऐलान जल्दी ही हो सकता है। इस दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार के रूप में विकास तिवारी का नाम तेजी से उभर कर सामने आ रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला आलाकमान ही करेगा।

