बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर में हुई मुठभेड़ : 8 लाख का इनामी नक्सली सोढ़ी कन्ना ढेर, सर्चिंग में मिला शव
छत्तीसगढ़ – बीजापुर और दंतेवाड़ा के सीमावर्ती नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली स्नाइपर सोढ़ी कन्ना मारा गया। उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। जवानों ने मौके से 303 रायफल, भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की।
बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव के मुताबिक, माओवादी गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर 4 जुलाई को डीआरजी बीजापुर-दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 202 और 210, सीआरपीएफ यंग प्लाटून की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तेलंगाना राज्य समिति, नेपाए और पीजीएलए पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी की बटालियन नंबर-1 की नक्सली टुकड़ी इस क्षेत्र में सक्रिय थी। ऑपरेशन के दौरान रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई। तलाशी में एक वर्दीधारी माओवादी का शव मिला, जिसकी पहचान सोढ़ी कन्ना के रूप में हुई।

सोढ़ी कन्ना टेकलगुड़ियम क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था। वह धरमारम कैंप हमले जैसी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है और कुख्यात माओवादी कमांडर माड़वी हिडमा का करीबी सहयोगी था। बटालियन में उसे स्नाइपर की जिम्मेदारी दी गई थी।
घटनास्थल से जवानों ने एक 303 रायफल, 5 जिंदा कारतूस, एके-47 का मैग्जीन, 59 जिंदा राउंड, माओवादी वर्दी, कोडेक्स वायर, डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, रेडियो, पिट्ठू बैग, नक्सली साहित्य और रोजमर्रा की उपयोगी सामग्री जब्त की है।

