डबल इंजन सरकार के खिलाफ माहौल, बरसात में भी जनता पहुंची सभा में -विकास उपाध्याय
रायपुर – पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी द्वारा ऐतिहासिक, विशाल एवं भव्य आमसभा ’किसान, जवान, संविधान’ का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि आज रायपुर की पावन धरा पर साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने अपने उद्बोधन से छत्तीसगढ़ की जनता को अवगत् कराया कि कैसे केन्द्र की मोदी सरकार एवं राज्य की साय सरकार द्वारा लगातार उन्हें छला एवं ठगा जा रहा है और इनकी योजनाओं से कैसे ’किसान, जवान, संविधान’ आज खतरे में पड़ चुका है। आज भारी बारिश और साइंस कॉलेज मैदान पूरा पानी में डूबे रहने के बावजूद भी छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार से हताश जनता का जनसैलाब इस जनसभा में कोई रेनकोट तो कोई छतरी और कई तो भीगते-भागते पूरे जोश और उमंग के साथ इस सभा में सम्मिलित हुए।

आज इस जनसभा के मंच से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने गरजना की और भाजपा सरकार के न्याय विरोधी मुद्दों एवं योजनओं पर जबरदस्त हमला बोला। विकास उपाध्याय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में किसानों को खाद संकट, हमारा जंगल संकट में, स्कूलों में पुस्तक संकट और आपराधिक मामलों में वृद्धि होने से आम नागरिक भी संकट में आ चुके हैं। उद्योगपतियों को जंगल की भूमि देने का काम, पूर्व की सरकार में शुरु की गई गौठान और किसान सम्मान निधि योजना को बंद करने का काम प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। विकास उपाध्याय ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमने इस योजना की शुरुआत की थी, सरकार ने इस योजना को बंद कर किसानों को ही नुकसान पहुंचाने का काम किया है।

जिस प्रकार देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने संविधान बचाने का बीड़ा उठाया है उनसे कंधे से कंधा मिलाकर छत्तीसगढ़ का एक-एक कांग्रेसी मजबूती के साथ इस कर्तव्य का निर्वहन करेगा। उपाध्याय ने कहा कि रामलीला मैदान में संविधान को जलाने वाले आज संविधान को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, हम अंग्रेज और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़े थे और यही लड़ाई अब भारतीय जनता पार्टी के साथ भी जारी रहेगी। बीजेपी की विचारधारा, फ्रीडम स्ट्रगल की विचारधारा नहीं है। जिस दिन संविधान लिखा गया था, उस दिन आरएसएस ने रामलीला मैदान में संविधान को जलाया था। इसमें लिखा है कि हमारे देश का झंडा तिरंगा होगा। सालों तक आरएसएस ने तिरंगे को सैल्यूट नहीं किया था। वे हिंदुस्तान की सारी संस्थाओं को कंट्रोल कर देश का अडाणी-अंबानी को सारा धन देना चाहते हैं और भारतीय जनता पार्टी की सरकार तो सीधे संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का काम कर रही है। उपाध्याय ने कहा कि जब ‘‘जय जवान जय किसान’’ का नारा हिंदुस्तान में आया तब इसने देश को एकजुट किया और सैनिकों, किसानों को उनके प्रयासों के लिए प्रेरित किया। लेकिन आज वही जवान वही किसान कहीं न कहीं खतरे में हैं और देश की एकजूटता को तोड़ने का प्रयास लगातार बीजेपी की सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसीलिए आज इस ऐतिहासिक ‘किसान, जवान, संविधान’ जनसभा में लोगों के हौसलों के सामने बारिश भी फींकी रही और यह आयोजन पूर्ण रूप से सफल रहा, विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ की जनता जो प्रदेश के कोने-कोने से आकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया उनका आभार व्यक्त किया।

