April 24, 2026

कांग्रेस मुख्यालय में चोरी,PCC चीफ दीपक बैज का आईफोन गायब, कार्यकारिणी की ले रहे थे बैठक

0
1461448-deepak-baij-1024x614_copy_800x480

रायपुर – कांग्रेस कार्यालय में चोरी की घटना ने सबको चौंका दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज खुद चोरों के निशाने पर आ गए हैं। जानकारी के मुताबिक दीपक बैज का कीमती आईफोन 15 प्रो कांग्रेस मुख्यालय से ही चोरी हो गया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 7 जुलाई को रायपुर आ रहे हैं। यहां साइंस कॉलेज मैदान में ‘किसान, जवान, संविधान’ कार्यक्रम होना है। खड़गे के इस दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठकों का दौर लगातार जारी है। हाल ही में पार्टी प्रभारी सचिन पायलट ने भी दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की थी। उसी कड़ी में पीसीसी चीफ दीपक बैज एनएसयूआई कार्यकारिणी की बैठक ले रहे थे।

बताया जा रहा है कि दीपक बैज एनएसयूआई की बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बात करने निकले थे। जैसे ही वे वापस हॉल में लौटे तो टेबल पर रखा उनका आईफोन 15 प्रो गायब था। दीपक बैज के निज सहायक राम साहू ने बताया कि बैठक के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व महापौर एजाज ढेबर भी पास में ही बैठे थे। लेकिन जैसे ही पीसीसी चीफ बाहर गए, फोन पर किसी ने हाथ साफ कर दिया।

फोन गायब होते ही राजीव भवन में अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ताओं ने पूरे हॉल में फोन ढूंढने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद बता रहा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि फोन चोरी कर बाहर ले जाया गया है। अब कांग्रेस के नेता भी सवाल उठा रहे हैं कि जब पार्टी मुख्यालय ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित माने?

चोरी की इस वारदात ने कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी पदाधिकारी अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगे हैं। पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि जल्द ही चोर पकड़ा जाएगा और आईफोन वापस मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed