चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, 3 जवान घायल, 1 आरक्षक जंगल में मिला बेसुध
कोरबा – जिले के कटघोरा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चोरी की जांच के लिए गांव पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। घटना बांगो थाना क्षेत्र के बगबुड़ा गांव की है।
पुलिस टीम जब चोरी की घटना की तफ्तीश कर रही थी, तभी अचानक ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक अभिषेक पांडेय, गजेंद्र बिघावार और अनिल पोर्ते घायल हो गए। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पुलिसकर्मी खुद को संभाल नहीं पाए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
हमले के दौरान आरक्षक अनिल पोर्ते घबराकर जंगल की ओर भाग गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। करीब पांच घंटे तक सर्चिंग के बाद आरक्षक अनिल पोर्ते को जंगल के पास एक नाले के किनारे बेसुध हालत में पाया गया।
पुलिस ने हमले के मामले में चार ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि हमला पूर्व नियोजित हो सकता है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले इसी इलाके में आबकारी विभाग की टीम पर भी हमला हो चुका है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ग्रामीणों से सहयोग की मांग की गई है ताकि चोरी जैसे अपराधों पर जल्द ही लगाम लगाई जा सके।

