March 6, 2026

तैरता मिला नवजात शिशु का शव: इलाके में फैली सनसनी, CCTV फुटेज से सुराग ढूंढने की कोशिश

0
purani-basti_1625757380

रायपुर – रविवार को बूढ़ातालाब में मछुआरों को पानी में तैरता नवजात शिशु का शव मिला। इस भयावह दृश्य को देखकर तालाब में मौजूद मछुआरे कांप उठे। उन्होंने तुरंत ही डायल 112 को सूचना दी। कुछ ही देर में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

टीआई योगेश कश्यप ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि शिशु की मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि यह भ्रूण लगभग 7 से 8 महीने का हो सकता है।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम आसपास के अस्पतालों के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल ही में किस महिला ने डिलीवरी कराई है या कोई गर्भपात तो नहीं कराया गया।

इसके अलावा पुलिस ने तालाब के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के माध्यम से आरोपी या आरोपियों की पहचान हो सकेगी। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है ताकि किसी को कुछ संदिग्ध नजर आया हो तो जानकारी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed