चिकित्सा शिक्षा कार्यालय का बाबू 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ – रायपुर से रिश्वतखोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एंटी करप्श्न ब्यूरो ने एक बाबू को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ट्रैप कार्रवाई को नया रायपुर के आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय में अंजाम दिया गया। इस कार्यालय में पदस्थ बाबू चवाराम बंजारे को ACB टीम ने घूस लेते दबोच लिया। बातते हैं बाबू एक रिटायर्ड कर्मचारी के जीपीएफ और अन्य भत्तों की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के मुताबिकि रिटायर्ड लैब टेक्नीशियन तुकाराम लहरे ने ACB से शिकायत की थी, जिसमें बताया गया कि उनके GPF और अन्य लंबित वित्तीय लाभों को जारी करवाने के लिए आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा कार्यालय का बाबू चवाराम बंजारे घूस मांग रहा है। रिश्वत की राशि 50,000 रुपए बताई।
शिकायत की शुरुआती जांच में आरोप की पुष्टि होने पर ACB ने सोमवार, 16 जून को ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया और बाबू को रिश्वत लेते पकड़ा।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, बाबू चवाराम बंजारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

