बुजुर्ग को जिंदा जलाकर हत्या, तीन दिन में तीसरी वारदात, लोगों में दहशत
छत्तीसगढ़ – कबीरधाम जिले में अपराधों का सिलसिला जारी है। सिंघनपुरी थाना क्षेत्र के बामी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय झाड़ी साहू को अज्ञात हमलावरों ने जिंदा जला दिया। जिले में तीन दिनों में यह तीसरी हत्या है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित अपने घर के बाहर सो रहा था। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग और धुएं के कारण परिवार जाग गया, लेकिन तब तक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
इस खौफनाक घटना के बाद गांव वाले डरे हुए हैं। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही हत्याओं से उनकी सुरक्षा खतरे में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्यारे की तलाश जारी है।
तीन दिन में तीन हत्याओं ने जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासी पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

