सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी, तीन वर्दीधारी नक्सली मारे गए, मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
छत्तीसगढ़ – सुकमा और बीजापुर जिलों की सीमा पर शनिवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई थी, जो रुक-रुककर अभी भी जारी है। इस दौरान तीन नक्सली के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। तीनो नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
इस ऑपरेशन में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड की टीम ने मोर्चा संभाला हुआ है। मौके की गंभीरता को देखते हुए बैकअप टीम को भी रवाना कर दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है ताकि अन्य नक्सलियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा बलों की टीम ने इलाके को घेर लिया है और ऑपरेशन को पूरी सतर्कता के साथ अंजाम दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल एक्शन लिया जा रहा है। बता दें करीब 400 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है।
वहीं दूसरी ओर अबूझमाड इलाके में सुरक्षाबलों को तलाशी के दौरान 6 डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, और 3 बंडल बिजली वायर मिले हैं। ये सभी सामान विस्फोटकों को तैयार करने में इस्तेमाल किए जाता है। इसके अलावा मौके से 8 नक्सली वर्दियां, नक्सली साहित्य, और कई दवाइयां भी जब्त की गई हैं।

