March 7, 2026

भाजपा के पूर्व पार्षद आकाश दुबे को 5 साल की सजा,RI राजेंद्र चंद्राकर पर बेसबॉल बैट से किया था हमला 

0
raipur_court

रायपुर – राजधानी में 7 साल पुराने एक मारपीट के मामले में भाजपा के पूर्व पार्षद आकाश दुबे को दोषी पाते हुए जिला अदालत ने 5 साल की सश्रम कारावास और ₹5000 के जुर्माने की सजा सुनाई है। इस मामले में दुबे के साथ उनके सहयोगी श्याम साहू को भी अदालत ने समान सजा दी है।

मामला वर्ष 2018 का है, जब सुंदर नगर इलाके में एक जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद हुआ था। सीमांकन कार्य के दौरान असंतोष जताते हुए दुबे को मौके पर बुलाया गया। गुस्से में आकर दुबे ने राजस्व निरीक्षक राजेंद्र चंद्राकर पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया था। मारपीट इतनी गंभीर थी कि चंद्राकर का हाथ फ्रैक्चर हो गया था। उस वक्त RI की टीम पटवारी के साथ सीमांकन करने पहुंची थी।

इस घटना के बाद पीड़ित RI ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने IPC की धारा 294, 506, 186, 353, 332 और 34 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की सुनवाई रायपुर के जिला अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत में हुई, जिसमें दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया गया।

गौर करने वाली बात यह भी है कि आकाश दुबे की पत्नी सरिता दुबे वर्तमान में सुंदर नगर से पार्षद हैं और रायपुर नगर निगम में MIC सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इस निर्णय के बाद शहर की राजनीति में हलचल मच गई है और भाजपा की साख पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed