92 करोड़ की GST चोरी का खुलासा: DGGI ने दो कारोबारियों को किया गिरफ्तार, फर्जी बिलों के आधार किया घपला
रायपुर – राजधानी से एक बड़े जीएसटी घोटाले का पर्दाफाश हुआ है. डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस की रायपुर जोनल यूनिट ने 92 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजय ट्रेडर्स के संचालक अजय सिंह और शुभम सेल्स के संचालक शुभम कुमार शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, दोनों फर्मों ने दिल्ली की कई फर्जी कंपनियों से फर्जी खरीद दर्शाते हुए क्रमशः 94 करोड़ और 41 करोड़ रुपये की इनवॉइसिंग की. इन फर्जी बिलों के आधार पर 24 करोड़ रुपये से अधिक का इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया गया था.
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कागजों में दिखाए गए एमएस टीएमटी, एमएस एंगल और एमएस चैनल जैसे माल की न तो कोई वास्तविक डिलीवरी हुई थी और न ही परिवहन के कोई साक्ष्य मौजूद थे.
डीजीजीआई की टीम ने फर्मों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की गहन जांच की, जिसमें भारी अनियमितताएं पाई गईं. अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा मामला फर्जी बिलिंग और बोगस कंपनियों के जरिए टैक्स चोरी को अंजाम देने से जुड़ा है. डीजीजीआई की इस कार्रवाई को देशभर में फर्जी जीएसटी रैकेट के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा बताया जा रहा है.
गिरफ्तारी के बाद दोनों कारोबारियों के खिलाफ जीएसटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उन व्यापारियों के लिए चेतावनी है जो फर्जी दस्तावेजों और आईटीसी के माध्यम से टैक्स चोरी करने की कोशिश करते हैं. विभाग की छानबीन जारी है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस रैकेट से जुड़ी अन्य फर्में भी जल्द सामने आ सकती हैं.

