बीजेपी विधायक उठाएंगे धर्मांतरण का मुद्दा,2 मंत्रियों के विभागों से जुड़े सवालों पर चर्चा,बजट अनुदान मांगों को लेकर भी चर्चा
रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन आज भी हंगामा होने के आसार हैं। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश में संचालित एनजीओ द्वारा विदेशी फंड प्राप्त कर मतांतरण के लिए उपयोग किए जाने का मुद्दा उठाएंगे। यह मामला सदन में चर्चा का केंद्र बन सकता है। सदन में विपक्ष जमकर हंगामा कर सकता है।
प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों का जवाब देंगे। इसके अलावा, सदन के पटल पर आज विभिन्न प्रतिवेदन और संशोधन विधेयक भी रखे जाएंगे।
आज के सत्र में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के विभागों से जुड़ी बजट अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। यह चर्चा सदन में बजट प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। किसानों से जुड़े कई मुद्दे सदन में गूंजेंगे। वहीं धान उपार्जन में हुई गड़बड़ी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सदन में मुद्दा गूंजेगा।

