पटवारी सस्पेंड: चुनाव ड्यूटी से गायब रहने वाला पटवारी निलंबित, एसडीएम ने लिया बड़ा एक्शन
बिलासपुर – नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहने के कारण सरकंडा के पटवारी पराग महिलाने को एसडीएम ने निलंबित कर दिया है। पटवारी की अनुपस्थिति से निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ, जिसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
15 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे पटवारी पराग महिलाने को मतगणना कक्ष में सहायक रिटर्निंग अधिकारी पीयूष तिवारी के कक्ष में उपस्थित होना था। हालांकि, वह बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहे। पटवारी ने अपने बचाव में दावा किया कि उनके चाचा की तबीयत रात में अचानक बिगड़ गई थी, जिसके चलते वे उन्हें रायपुर अस्पताल ले गए। उन्होंने मेडिकल बिल और फोटो भी पेश किए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।
एसडीएम ने अपने आदेश में कहा कि पटवारी की अनुपस्थिति से निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ। उनके इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन माना गया। साथ ही यह छत्तीसगढ़ शासकीय सेवा नियम 1966 के तहत दंडनीय अपराध है। पटवारी पराग महिलाने को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका कार्यभार भरारी के पटवारी विकास कुमार जायसवाल को सौंप दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि चुनाव जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बिना सूचना और अनुमति के अनुपस्थित रहना घोर लापरवाही है। यह उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना की श्रेणी में आता है।


