त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: पहले चरण की वोटिंग कल, 53 ब्लॉक की पंचायतों में सरकार के लिए वोट करेगी जनता
रायपुर – छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पहला चरण कल, 17 फरवरी 2025 को होगा। इस चरण में प्रदेश के सभी जिलों के 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के लिए मतदान होगा। चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद अब गांव की सरकार बनाने की तैयारी है।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण कल यानी 17 फरवरी को होगा। पहले चरण में 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतें शामिल की गई हैं। दूसरे चरण में 20 फरवरी 2025 को मतदान होगा। इस दिन 43 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा। तीसरा चरण 23 फरवरी 2025 हो है। इस दिन 50 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के अनुसार 17 फरवरी को वोटिंग के बाद दूसरे दिन 18 फरवरी को काउंटिंग की जाएगी। इसी तरह 20 को वोटिंग के बाद 21 फरवरी को काउंटिंग होगी। इसके बाद 23 को वोटिंग होने के बाद 24 फरवरी को काउंटिंग की जाएगी। जिसमें सभी पंचायतों में सरकार का फैसला हो जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत में सरपंच पद के उम्मीदवार, पंच (वार्ड सदस्य), जनपद पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य पद के लिए उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सभी कैंडिडेट्स अब घर घर जाकर मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए कुल 1,58,12,580 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के लिए 31,041 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 7,128 संवेदनशील और 2,161 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं।
जनता तीनों चरणों में अपने वार्ड, पंचायत और जनपद, जिला पंचायत में अपना जनप्रतिनिधि चुनेंगी। जिला पंचायत में 433 पद पर प्रतिनिधि चुनने मतदान होगा। जनपद पंचायत के 2,973 पद, ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11,672 पद। वार्ड (पंच) के 1,60,180 पद पर जनता अपने प्रतिनिधि को चुनेंगी।

