बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता की 50 करोड़ की संपत्ति हुई अटैच
रायपुर – छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी और ट्रांसपोर्ट घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी और अन्य आरोपियों की 100 से अधिक चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया है। इन संपत्तियों का कुल मूल्य 49.73 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
ED के अनुसार, सूर्यकांत तिवारी और उनके सहयोगियों ने छत्तीसगढ़ में कोयला ट्रांसपोर्टरों से अवैध रूप से वसूली की थी। जांच में पता चला कि 2020 से 2022 के बीच प्रति टन कोयले पर 26 रुपये की वसूली की गई, जिससे 540 करोड़ रुपये की आय हुई।

ईडी ने अपने ट्वीट में कहा, ईडी रायपुर ने अवैध कोयला लेवी घोटाले से संबंधित मामले में सूर्यकांत तिवारी और अन्य से संबंधित पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत 30/01/2025 तक बैंक बैलेंस, वाहन, नकदी, आभूषण और जमीन सहित कुल 49.73 करोड़ रुपये की 100 से अधिक चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।
ED ने बताया कि इस धन का इस्तेमाल सरकारी अधिकारियों और राजनेताओं को रिश्वत देने के साथ-साथ चुनावों में भी किया गया था। इसके अलावा, इस धन का इस्तेमाल विभिन्न संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए भी किया गया।
ED ने पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी सौम्या चौरसिया और कई अन्य राजनेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों से संबंधित 55.37 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी कुर्क की हैं। इन संपत्तियों में आईएएस अधिकारी रानू साहू, समीर बिश्नोई और अन्य शामिल हैं। अब तक ED ने 270 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है और 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

