June 21, 2026

“योग दिवस पर भाजपा में बवाल! पोस्टर से फोटो गायब होने पर भड़के विधायक ईश्वर साहू, बोले– मुझे नीचा दिखाने की साजिश – देखे वीडियो

0
Screenshot_20260621_192250_copy_1080x631

बेमेतरा – अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जहां पूरे देश में योग के जरिए एकता और स्वास्थ्य का संदेश दिया जा रहा था, वहीं बेमेतरा में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे साजा विधायक ईश्वर साहू उस समय नाराज हो गए जब उन्होंने मंच और कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर-पोस्टरों में अपना फोटो नहीं देखा। नाराज विधायक ने इसे अपनी राजनीतिक उपेक्षा बताते हुए मंच पर ही कड़ी आपत्ति जताई और कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए।

घटना उस वक्त हुई जब जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में योग दिवस का आयोजन चल रहा था। मंच पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, नवागढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टरों में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र से जुड़े नेताओं के फोटो तो दिखाई दिए, जबकि साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो पूरी तरह गायब था।

इसी बात को लेकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कोई सामान्य भूल नहीं बल्कि उन्हें नीचा दिखाने की सुनियोजित कोशिश है। विधायक ने साफ कहा कि आयोजकों के पास पर्याप्त समय था और यदि इच्छा होती तो कार्यक्रम शुरू होने से पहले पोस्टर सुधारे जा सकते थे।

मीडिया से चर्चा के दौरान ईश्वर साहू ने कहा, “मंच में मेरा फोटो नहीं था। मुझे नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। मैं इसकी उच्च स्तरीय शिकायत करूंगा और जांच की मांग करूंगा। मैं किसी व्यक्ति विशेष को दोषी नहीं ठहराना चाहता, लेकिन यह काम जानबूझकर किया गया है। आयोजक चाहते तो दो घंटे में पोस्टर बदल सकते थे।”

विधायक के इस बयान ने कार्यक्रम का पूरा माहौल बदल दिया। योग और स्वास्थ्य के संदेश वाला मंच अचानक राजनीतिक असंतोष और उपेक्षा के आरोपों का मंच बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाराज विधायक कुछ देर तक मंच पर बैठे रहे, लेकिन बाद में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यक्रम से उठकर बाहर निकल गए।

राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर साजा जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के विधायक का फोटो कार्यक्रम के पोस्टर से कैसे गायब हो गया। क्या यह महज प्रशासनिक चूक थी या फिर इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश छिपा था? इन सवालों के जवाब अब जांच और संगठनात्मक समीक्षा के बाद ही सामने आ पाएंगे।

गौरतलब है कि बेमेतरा जिले में तीन प्रमुख विधानसभा क्षेत्र—बेमेतरा, नवागढ़ और साजा—आते हैं। ऐसे में जिले के बड़े सरकारी कार्यक्रम में एक मौजूदा विधायक की तस्वीर का नहीं होना स्वाभाविक रूप से विवाद का कारण बन गया है।

फिलहाल इस पूरे मामले ने भाजपा और प्रशासन दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे सत्ता के भीतर की खींचतान से जोड़कर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed