रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ढाबों और होटलों में सघन आकस्मिक जांच
रायपुर – सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन आकस्मिक जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा और पुलिस चौकी सिलतरा की टीम ने हाईवे किनारे संचालित ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।
जांच के दौरान विशेष रूप से उन तेज एवं चकाचौंध पैदा करने वाली हाई-इंटेंसिटी लाइटों पर ध्यान दिया गया, जो रात के समय राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती हैं। पुलिस ने संचालकों को ऐसी ओवर लाइट बंद रखने के निर्देश दिए ताकि वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
इसके अलावा हाईवे किनारे भारी वाहनों और ट्रकों की अनियंत्रित पार्किंग को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। संचालकों और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ट्रकों एवं अन्य बड़े वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क किया जाए। साथ ही रात के समय पार्किंग लाइट चालू रखने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस ने ढाबा एवं होटल संचालकों को बिना वैधानिक अनुमति के शराब का विक्रय या सेवन कराने पर कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को यह भी समझाइश दी कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार, अपराध या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 को दें। इससे अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में सहायता मिलेगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों और वाहन चालकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी हाईवे क्षेत्र में इस प्रकार की आकस्मिक जांच, निगरानी और सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि “जन सुरक्षा, जन विश्वास एवं कानून का प्रभावी क्रियान्वयन” उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

