May 28, 2026

थम ही नहीं रहा अपराध का सिलसिला, कानून व्यवस्था फेल – दीपक बैज

0
1200-675-24240397-thumbnail-16x9-deepak-baij-padyatra-aspera

रायपुर – पूरे प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई,पिछले 24 घंटों के भीतर ही राजधानी रायपुर के कुशालपुर क्षेत्र में गैंगवार हुआ, राजधानी रायपुर के ही गंज थाना क्षेत्र में सरेआम चाकूबाजी हुई, एक युवक हत्या हो गई, उनसे जेवरात लूट लिए गए, बिन्द्रानवागढ़ के देवभोग में महिला समेत परिवार के चार सदस्यों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया, महिला की गर्दन पकड़ कर ब्लेड चला दिया गया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, मौके पर मौजूद उनके दोनों बेटे और पति गंभीर रूप से घायल हैं,जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आई है, अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, अपराधियों में कानून और पुलिस का खौफ खत्म होने लगा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि यह सरकार पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग राजनैतिक विद्वेष की पूरा करने, विपक्षी दल के नेताओं को प्रताड़ित करने में कर रही है, अपराध रोकना इस सरकार की प्राथमिकता में है ही नहीं। भाजपा षडयंत्र रचती है, पुलिस और प्रशासन उसपर अमल करके दमन करती है। इस सरकार में पीड़ित ही प्रताड़ित किए जा रहे हैं, अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है, जुआ, सट्टा, रेत माफिया, भू माफियाओं से मिलीभगत कर वसूली गिरोह चलाने में ही सत्ताधारी दल के नेताओं की रुचि है इसीलिए कानून व्यवस्था बदतर हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बढ़ते अपराधों का प्रमुख कारण इस सरकार द्वारा नशे के कारोबार को दिया जाने वाला संरक्षण है, जिसकी वजह से हिंसक वारदातें बढ़ रही है। रायगढ़, कोरबा, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में दिन-दहाड़े हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। सरेआम हो रही हिंसक वारदातों से पुलिस व्यवस्था, प्रशासन और सरकार की क्षमता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। नशे का अवैध कारोबार चिंता का प्रमुख कारण बन गया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से अवैध शराब, अफीम की खेती और सूखे नशे (जैसे नशीली गोलियां व पाउडर) का कारोबार तेजी से फैला है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। भाजपा की सरकार में कानून और पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सरकार की अकर्मण्यता से अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि खुलेआम सोशल मीडिया पर दहशत फैलाया जा रहा है। बदमाशों और अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए रील बनाकर खुलेआम धमकियां देने का नया ट्रेंड चल पड़ा है, जिस पर पुलिस नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा श्याम नगर इलाके में पूरे मुहल्ले का लाईट गोल कर गैंगवार किया गया, दिन दहाड़े चाकूबाजी, गोलीबारी, गैंगवार हो रहे हैं, अंतरराष्ट्रीय शूटरों की आमद छत्तीसगढ़ में हो चुकी है, कुख्यात गिरोह के गुर्गों की पनाह स्थली बन चुकी है लेकिन अपराध नियंत्रण के बजाय यह सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *