May 21, 2026

अरबों की जमीन पर कार्रवाई: अवैध प्लाटिंग और मैरिज पैलेस ध्वस्त, बड़े कारोबारी पर प्रशासन का शिकंजा

0
Screenshot_20260520_140129_copy_800x539

छत्तीसगढ़ – राजनांदगांव में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अवैध प्लाटिंग, मैरिज पैलेस और अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पूरा मामला दुर्ग के एक बड़े व्यवसायी से जुड़ा हुआ है, जिसने लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रखी थीं।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा। प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से तैयार की गई प्लाटिंग को हटाने के साथ-साथ मैरिज पैलेस को भी जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों नहीं बल्कि अरबों रुपए की सरकारी जमीन का गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही और कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन भी किया।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जे की वजह से राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा था। जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। अब जमीन से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध कब्जाधारियों और अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह का बड़ा अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से जमीन खरीदने से पहले दस्तावेजों और अनुमति की पूरी जांच करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *