May 14, 2026

मितानिन के घर बम जैसी सामग्री रखकर फरार आरोपी गिरफ्तार, खमतराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
IMG-20260513-WA0060

छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में मितानिन के घर विस्फोटक सामग्री से भरा बैग छोड़कर फरार हुए आरोपी को आखिरकार खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी विनय कुमार देवांगन को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी के बाद भनपुरी क्षेत्र से दबोचा। आरोपी के कब्जे से विस्फोटक सामग्री तैयार करने में उपयोग आने वाले सामान सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

मामला 7 मई 2026 का है, जब थाना खमतराई पुलिस को सुबह करीब 9:32 बजे मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि बीरगांव प्रगति चौक स्थित पुष्पा साहू के मकान में एक संदिग्ध बैग रखा हुआ है। सूचना देने वाली महिला ने बताया कि उसका पूर्व परिचित विनय कुमार देवांगन 6 मई की रात करीब 8 बजे काले रंग का हैंडबैग यह कहकर छोड़ गया था कि वह सुबह आकर ले जाएगा। लेकिन अगले दिन सुबह तक वह नहीं लौटा। संदेह होने पर जब बैग की जांच की गई तो उसके अंदर बम जैसी सामग्री और पिस्टल दिखाई दी।

सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDS) और बैलिस्टिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। जांच के दौरान बैग में तीन बम नुमा बोतलें मिलीं, जिन पर काले और ऑरेंज रंग की टेप लगी हुई थी। बोतलों से तार और कनेक्टर बाहर निकले हुए थे। इसके अलावा 3 मीटर लंबा वायर, 4 वोल्ट बैटरी, IED मैकेनिज्म, मोबाइल चिप, फिलामेंट, एयर पिस्टल, कपड़े और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
BDS टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज किया। एक्सप्लोसिव डिटेक्शन किट से प्राथमिक परीक्षण में सामग्री विस्फोटक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विनय कुमार देवांगन के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी रिंग रोड नंबर-2 भनपुरी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के कारण वह परेशान था और आत्महत्या करने की नीयत से विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अतिरिक्त बैटरी, फटाका ज्वाइंटर, वायर, कनेक्टर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MK 2712 जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार देवांगन (49 वर्ष) निवासी ग्राम मलौद देवांगन पारा, पोस्ट सिलयारी, थाना धरसींवा, जिला रायपुर तथा वर्तमान पता त्रिमूर्ति नगर बीरगांव के रूप में हुई है।

इस पूरे घटनाक्रम ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते पुलिस और BDS टीम की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। खमतराई पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed